भारत जल्द बनेगा दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था, रक्षा उत्पादन में भी बढ़ी ताकत : रक्षा मंत्री*
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को कहा कि भारत दुनिया की पांच सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और देश जल्द ही दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि हालिया वैश्विक संकट नहीं आया होता तो भारत अगले छह महीने से एक वर्ष में यह उपलब्धि हासिल कर सकता था। गोवा में शहीद स्मारक के उद्घाटन के बाद सभा को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा कि भारत रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ रहा है। लड़ाकू विमान, युद्धपोत, मिसाइल, रडार और ड्रोन समेत कई आधुनिक रक्षा प्रणालियों का देश में निर्माण हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि 2014 के बाद भारत का रक्षा निर्यात करीब 600 करोड़ रुपये से बढ़कर लगभग 50 हजार करोड़ रुपये हो गया है, जबकि रक्षा उत्पादन बढ़कर करीब 1.80 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया है। सिंह ने कहा कि भारत अब केवल रक्षा उपकरणों का आयातक नहीं, बल्कि वैश्विक रक्षा विनिर्माण और निर्यात में भी अपनी जगह बना रहा है। रक्षा मंत्री ने महिलाओं की बढ़ती भागीदारी का उल्लेख करते हुए कहा कि वे लड़ाकू विमानों के कॉकपिट से लेकर अंतरिक्ष अभियानों और स्टार्टअप तक विभिन्न क्षेत्रों में देश की प्रगति में योगदान दे रही हैं। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रीय हित को प्राथमिकता देने और देश की एकता, संवैधानिक मूल्यों तथा कानून का सम्मान करने का आह्वान किया।






