संसद में फिर होगा सियासी संग्राम, मोदी-शाह पर विपक्ष के सवाल, सरकार के एजेंडे पर नजर*
संसद के मानसून सत्र का पहला सप्ताह नीट पेपर लीक और छात्र आंदोलन को लेकर हंगामे की भेंट चढ़ने के बाद सोमवार से दूसरे सप्ताह की कार्यवाही शुरू होगी। केंद्र सरकार लोकसभा में सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक-2026 पेश करेगी, जिसमें पेपर लीक पर सख्त सजा, फास्ट ट्रैक कोर्ट और समयबद्ध जांच का प्रावधान किया गया है। सरकार सत्र के दौरान महिला आरक्षण, परिसीमन, आयकर संशोधन, एमएसएमई विकास संशोधन और अन्य महत्वपूर्ण विधेयकों को भी आगे बढ़ाने की तैयारी में है। वहीं विपक्ष छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई, शिक्षा पर बढ़ते खर्च, बजट में कमी और पेपर लीक के मुद्दे पर सरकार को घेरने की रणनीति बना रहा है। प्रस्तावित विधेयक में पेपर लीक के दोषियों के लिए 10 साल तक की सजा, भारी जुर्माना, परीक्षा एजेंसियों पर कड़ी कार्रवाई, विशेष फास्ट ट्रैक अदालतों का गठन और दो महीने में जांच पूरी करने जैसे प्रावधान शामिल हैं। विपक्ष विधेयक और छात्र आंदोलन से जुड़े मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगने की तैयारी में है, जिससे संसद में एक बार फिर तीखी बहस और टकराव की संभावना बनी हुई है।






