सोशल मीडिया की अफवाहों से युवाओं को बचाना शिक्षकों की जिम्मेदारी : सीएम योगी*
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षकों से युवाओं को सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक सूचनाओं से बचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत की प्रगति से परेशान विदेशी ताकतें आधुनिक तकनीक और विदेशी फंडिंग के जरिए समाज में भ्रम और अव्यवस्था फैलाने का प्रयास कर रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज बड़ी संख्या में युवा स्मार्टफोन और सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी हासिल कर रहे हैं। ऐसे में बिना सत्यापन वाली सूचनाओं पर भरोसा करना नुकसानदायक हो सकता है। उन्होंने शिक्षकों से छात्रों को सही और गलत जानकारी में अंतर समझाने तथा उन्हें पुस्तकालयों और प्रमाणिक स्रोतों से जोड़ने की अपील की। सीएम योगी ने तकनीक के सकारात्मक उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), ड्रोन टेक्नोलॉजी, रोबोटिक्स और 3डी प्रिंटिंग जैसे क्षेत्रों में युवाओं को प्रशिक्षित करना समय की जरूरत है। उन्होंने विश्वविद्यालयों से राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप आधुनिक पाठ्यक्रम, शोध और नवाचार को बढ़ावा देने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय केवल डिग्री देने वाले संस्थान नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण और उत्कृष्ट शोध के केंद्र बनने चाहिए। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने उच्च शिक्षा विभाग के शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा कार्ड और दुर्घटना बीमा योजना का लाभ भी प्रदान किया। इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि, विश्वविद्यालय के अधिकारी और शिक्षक मौजूद रहे।






