बदरीनाथ चढ़ावा प्रकरण में बड़ा खुलासा, सीसीटीवी फुटेज बने जांच का अहम आधार

बदरीनाथ चढ़ावा प्रकरण में बड़ा खुलासा, सीसीटीवी फुटेज बने जांच का अहम आधार*
बदरीनाथ मंदिर के चढ़ावे में कथित हेराफेरी की जांच अब अहम चरण में पहुंच गई है। पुलिस को मंदिर परिसर और गणना कक्ष में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। फुटेज में बीकेटीसी का निलंबित कर्मचारी प्रमोद नौटियाल कथित तौर पर गणना कक्ष से नोटों की गड्डी, सोने-चांदी जैसे सिक्के और धार्मिक वस्तुएं लेकर बाहर निकलता दिखाई दे रहा है। पुलिस इन साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है। पुलिस के मुताबिक, दो जुलाई की रिकॉर्डिंग में आरोपी तीन अलग-अलग बार गणना कक्ष में जाता और हर बार हाथ में कुछ सामान लेकर बाहर आता नजर आया है। घटना के समय वहां श्रद्धालुओं के चढ़ावे की गणना चल रही थी। जांच टीम अब संबंधित कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है और घटना से पहले व बाद की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग भी खंगाल रही है। इस बीच बीकेटीसी की आंतरिक जांच पूरी हो चुकी है और उसकी रिपोर्ट जल्द मुख्य कार्याधिकारी को सौंपी जाएगी। वहीं, मामले से जुड़े दस्तावेज समय पर उपलब्ध नहीं होने पर पुलिस ने समिति को रिमाइंडर भेजा है। निलंबित कर्मचारी प्रमोद नौटियाल का अवकाश रविवार को समाप्त हो रहा है और उसके सोमवार को ज्योतिर्मठ कार्यालय में उपस्थित होने की संभावना है।

2345 views