लिंबोदी तालाब के गहरीकरण और सौंदर्यीकरण कार्य का महापौर ने किया निरीक्षण

*लिंबोदी तालाब के गहरीकरण और सौंदर्यीकरण कार्य का महापौर ने किया निरीक्षण*

इंदौर। शहर में जल संरक्षण और भूजल संवर्धन को लेकर इंदौर नगर निगम द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में लिंबोदी तालाब के गहरीकरण एवं सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से प्रगति पर है। बुधवार को महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने स्थल का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान जलकार्य प्रभारी अभिषेक शर्मा (बबलू), अतिरिक्त आयुक्त आशीष पाठक सहित नगर निगम के संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि इंदौर नगर निगम शहर के भूजल स्रोतों और जलोद्‍धारक तालाबों के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। लिंबोदी तालाब में अमृत योजना के अंतर्गत लगभग 5.50 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से गहरीकरण, वॉल पिचिंग और सौंदर्यीकरण के कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि आगामी वर्षा ऋतु में तालाब की जल भंडारण क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, जिससे अधिक मात्रा में वर्षा जल का संग्रहण संभव हो सकेगा। लिंबोदी तालाब के भरने के बाद इसका अतिरिक्त जल बिलावली तालाब तक भी पहुंचेगा, जिससे क्षेत्र के जल स्रोतों को मजबूती मिलेगी और भूजल स्तर सुधारने में सहायता मिलेगी।

महापौर ने कहा कि भविष्य में यहां व्यापक स्तर पर पौधारोपण भी किया जाएगा, जिसके बाद यह क्षेत्र एक सुंदर और रमणीय स्थल के रूप में विकसित होगा। उन्होंने कहा कि शहर के जलाशयों के संरक्षण और भूजल संवर्धन की दिशा में नगर निगम द्वारा किए जा रहे ये प्रयास जल संरक्षण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण साबित होंगे।

महापौर ने कहा कि, जल संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ते हुए शहर के तालाबों और जल स्रोतों के पुनर्जीवन का अभियान लगातार जारी है, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।

335 views