15,470 से अधिक कॉर्निया संग्रहण हेतु लायन उमा झंवर स्वर्णिम रिकॉर्ड से सम्मानित

15,470 से अधिक कॉर्निया संग्रहण हेतु लायन उमा झंवर स्वर्णिम रिकॉर्ड से सम्मानित

इंदौर।
समाजसेवा एवं नेत्रदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली लायन उमा झंवर, एम.के. इंटरनेशनल आई बैंक, इंदौर को “स्वर्णिम बुक ऑफ रिकॉर्ड्स” द्वारा विशेष सम्मान प्रदान किया गया।

यह सम्मान उन्हें नेत्रदान एवं कॉर्निया ट्रांसप्लांटेशन के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए दिया गया। संस्था द्वारा अब तक 15,470 से अधिक कॉर्निया (नेत्र) संग्रहण का महत्वपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक किया जा चुका है। साथ ही एम.के. इंटरनेशनल आई बैंक, इंदौर द्वारा देश के 19 राज्यों के अस्पतालों एवं आई बैंकों में कॉर्निया भेजकर हजारों लोगों को नई रोशनी प्रदान करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा रहा है।

इस अवसर पर स्वर्णिम बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के अध्यक्ष विवेक जैन, शारदा जैन एवं लायन कुलभूषण मित्तल द्वारा लायन उमा झंवर को सर्टिफिकेट प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य अतिथियों ने उमा झंवर के सेवाभावी कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि नेत्रदान मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक है और इस प्रकार के प्रयास समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

स्वर्णिम बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने इस उपलब्धि को वर्तमान एवं भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायी बताते हुए इसे रिकॉर्ड में दर्ज किया।

402 views