*अटल जी की प्रथम पुण्यतिथि पर पूर्व मंत्री अर्चना दीदी ने कलश पूजन कर दी श्रद्धांजलि*
बुरहानपुर। भारत की राजनीति के युगपुरुष, विश्व के हृदय सम्राट, भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रथम पुण्यतिथि पर पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) ने बुरहानपुर नगर निगम में कलश पूजन कर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित करते हुए कहा कि जम्मू और कश्मीर का भारत के साथ ‘‘पूर्ण एकीकरण‘‘ ही पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी के लिए सच्ची श्रद्धांजलि है।
श्रीमती चिटनिस ने कहा कि, गत वर्ष अटल जी का अस्थि कलश बुरहानपुर पहुंचा था, जिसे मां ताप्ती में विसर्जित किया गया और अस्थि कलश का पात्र नगर निगम बुरहानपुर में रखा गया था। जिस पर हमने पुष्पांजलि अर्पित करते हुए भारत और विश्व के हृदय सम्राट को श्रद्धा-सुमन अर्पित किए।
पूर्व मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि अटल जी का अधूरा सपना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी एवं देश के गृृह मंत्री मा.अमित शाह जी ने पूरा करके देश की अखंडता की दृष्टि से एक बहुत बढ़ा, बहुत ही मजबूत आवश्यक कदम उठाया। अटल जी की इच्छा थी कि ‘‘एक देश, एक विधान, एक प्रधान‘‘ हो। जम्मू एवं कश्मीर का भारत में पूर्ण एकीकरण वाजपेयी को सर्वश्रेष्ठ श्रद्धांजलि है। श्रीमती चिटनिस ने कहा कि हाल ही में मोदी सरकार ने जम्मू कश्मीर को विशेष राज्य का दर्जा देने के प्रावधान धारा 370 को खत्म किया है। धारा 370 के वजह से ही जम्मू कश्मीर राज्य को अलग संविधान और अलग झंडा रखने का अधिकार था। बीजेपी जनसंघ के जमाने से ही इसका कड़ा विरोध करती आ रही थी। अटल बिहारी वाजपेयी जी ने भी प्रधानमंत्री रहते हुए कश्मीर समस्या को सुलझाने के लिए कई प्रयास किए, कश्मीर को लेकर वाजपेयी बहुत संवेदनशील रहे क्योंकि यह उनकी कोर विचारधारा का अहम हिस्सा था।
श्रीमती चिटनिस के साथ महापौर अनिल भोंसले, नगर निगमाध्यक्ष मनोज तारवाला, जनपद अध्यक्ष किशोर पाटिल, जगदीश कपूर, योगेश महाजन, बलराज नावानी, मुकेश शाह, सँभाजीराव सगरे, रुर्देश्वर एंडोले, सुधीर खुराना, सुभाष मोरे, कविता सूर्यवंशी, अशोक कुरील एवं सतीश ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने नगर पालिक निगम बुरहानपुर में उनके अस्थि कलश का पूजन कर पुष्पांजलि अर्पित की।
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि देश में ही नहीं दुनिया में श्री अटल जी की पहचान कुशल राजनीतिज्ञ, दक्ष प्रशासक, निपुण भाषाविद्, प्रखर वक्ता, मूर्धन्य कवि व पत्रकार के रूप में थी। श्रीमती चिटनिस ने श्री वाजपेयी को राजनीति का अजातशत्रु निरूपित करते हुए कहा है कि राजनीति के धुर विरोधी भी अटल जी की विचारधारा और कार्यशैली के कायल थे। उन्होंने कहा है कि लोकतंत्र के सजग प्रहरी श्री वाजपेयी जी ने राष्ट्र की प्रगति के अनेकानेक आयाम छुए। राष्ट्र के सर्वांगीण विकास को लेकर श्री वाजपेयी की व्यापक दृष्टि और सोच थी।
दिनांक:- 16 अगस्त 2019
01






