महिला नेतृत्व सशक्तिकरण की ओर ऐतिहासिक पहल, इंदौर में नगर निगम का विशेष सम्मेलन सत्र कल

*महिला नेतृत्व सशक्तिकरण की ओर ऐतिहासिक पहल, इंदौर में नगर निगम का विशेष सम्मेलन सत्र कल*

इंदौर। महिला सशक्तिकरण को नए आयाम देने की दिशा में इंदौर नगर निगम द्वारा 18 अप्रैल को विशेष सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने इसे महिला नेतृत्व को मजबूत करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया है।

महापौर ने कहा कि देश अब पारंपरिक “वूमेन एंपावरमेंट” से आगे बढ़कर “वूमेन-लेड एंपावरमेंट” की ओर अग्रसर है। संसद में प्रस्तुत महिला आरक्षण विधेयक को लेकर देशभर में उत्साह का माहौल है और विभिन्न स्तरों पर इसके समर्थन में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश के नगरीय निकायों में विशेष सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इंदौर नगर निगम का यह सम्मेलन भी उसी श्रृंखला का हिस्सा है, जिसमें शहर की प्रबुद्ध महिलाएं, महिला जनप्रतिनिधि, पत्रकार, सामाजिक संगठनों की सदस्याएं, उद्यमी, खिलाड़ी और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी महिलाओं की व्यापक भागीदारी होगी।

सम्मेलन में महिला आरक्षण विधेयक पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। साथ ही, नगर निगम केंद्र सरकार के इस प्रयास के समर्थन में प्रस्ताव पारित करेगा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अभिनंदन व्यक्त किया जाएगा।

महापौर के अनुसार, यह पहल महिलाओं को नेतृत्व की मुख्यधारा में लाने और उन्हें निर्णय प्रक्रिया में सशक्त भूमिका देने का मार्ग प्रशस्त करेगी। ‘नारी शक्ति फॉर विकसित भारत रन’ का आयोजन भी आज
महिला सशक्तिकरण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए 18 अप्रैल को इंदौर में “नारी शक्ति फॉर विकसित भारत रन” का आयोजन भी किया जाएगा। यह आयोजन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय (MYAS) द्वारा देश के सात प्रमुख शहरों बेंगलुरु, मुंबई, पटना, कटक, दिल्ली, जयपुर और इंदौर में एक साथ किया जा रहा है

इंदौर में कार्यक्रम की शुरुआत राजवाड़ा से सुबह 6:30 बजे पंजीकरण के साथ होगी। इसके बाद उद्घाटन सत्र, अतिथि सम्मान और ‘नारी शक्ति संकल्प’ दिलाया जाएगा। सुबह 8 बजे दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा, जो गांधी हाल पर समाप्त होगी।

करीब 2 से 3 किलोमीटर की इस दौड़ में छात्राओं, महिला पत्रकारों, सामाजिक संगठनों, उद्यमियों और खिलाड़ियों सहित बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी अपेक्षित है। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे।

201 views