*श्वेतांबर जैन महासंघ की आज शाम होने वाली बैठक में टकराव के आसार, विरोध दबाने की* *रणनीति पर सवाल*
इंदौर । श्वेतांबर जैन महासंघ न्यास की प्रस्तावित बैठक को लेकर संगठन के भीतर खींचतान तेज हो गई है।
सूत्रों के अनुसार, महासंघ नेतृत्व पर आरोप है कि वह अपने विरोधियों को दबाने के लिए रणनीतिक तरीके अपनाने की तैयारी में है। बैठक से पहले ही माहौल तनावपूर्ण बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, महासंघ के करीब एक तिहाई से अधिक न्यास के ट्रस्टी वर्तमान नेतृत्व की कार्यशैली और मनमाने निर्णयों से असंतुष्ट हैं। हाल ही में महावीर जन्म कल्याणक कार्यक्रम के दौरान बाउंसर बुलाने का मुद्दा भी नेतृत्व के लिए विवाद का कारण बन गया है, जिससे असंतोष और गहरा गया है।
बैठक में आयोजन के खर्च, हिसाब-किताब और व्यवस्थाओं में हुई कथित अव्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठने की संभावना है। ऐसे में हंगामे के आसार भी जताए जा रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि नेतृत्व ने अपने समर्थक मनोनीत पदाधिकारियों के जरिए विरोधियों को दबाने और माहौल नियंत्रित करने की तैयारी कर ली है।
हालांकि, संगठन के कुछ वरिष्ठ सदस्य संवाद और समन्वय के जरिए समाधान निकालने की बात कर रहे हैं। उनका मानना है कि यदि पारदर्शिता और सामूहिक निर्णय की भावना अपनाई जाए तो विवाद को टाला जा सकता है।
अब नजर बैठक पर टिकी है, जहां यह साफ होगा कि महासंघ में मतभेद संवाद से सुलझते हैं या टकराव और बढ़ता है।






