राजबाड़ा फ्रूट मार्केट में सख्ती, अपर आयुक्त का औचक निरीक्षण

*राजबाड़ा फ्रूट मार्केट में सख्ती, अपर आयुक्त का औचक निरीक्षण*

*कृष्णपुरा में हंगामे के बीच दुकानदार ने लगाए गंभीर आरोप*
इंदौर। शहर के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्र राजबाड़ा और कृष्णपुरा स्थित फ्रूट मार्केट में बुधवार शाम नगर निगम के अपर आयुक्त आकाश सिंह अचानक पहुंच गए। औचक निरीक्षण के दौरान सड़क और फुटपाथ पर फैले अतिक्रमण को देखकर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और मौके पर ही सख्त निर्देश जारी किए।
निरीक्षण के दौरान कई दुकानों के सामने तय सीमा से बाहर तक फल-सब्जी और अन्य सामान रखा हुआ मिला, जिससे आम नागरिकों और वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही थी। स्थिति देखकर अपर आयुक्त ने तुरंत निगम के रिमूवल दल को सक्रिय रहने के निर्देश दिए और कहा कि बाजार क्षेत्र में सड़क और फुटपाथ आम जनता के लिए हैं, इन पर किसी भी प्रकार का कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अपर आयुक्त ने मौके पर मौजूद रिमूवल दल के सुपरवाइजरों को भी चेतावनी दी कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में किसी भी तरह की ढिलाई सामने आई तो जिम्मेदारी तय की जाएगी।
*कृष्णपुरा में हुआ हंगामा, दुकानदार ने लगाए आरोप*
निरीक्षण के दौरान कृष्णपुरा फ्रूट मार्केट में उस समय माहौल गरमा गया, जब एक दुकानदार ने अपर आयुक्त के सामने ही रिमूवल दल पर गंभीर आरोप लगा दिए। दुकानदार ने दावा किया कि कार्रवाई से पहले ही कुछ लोगों को सूचना दे दी जाती है और पैसे लेकर ढिलाई बरती जाती है।
दुकानदार के आरोपों के बाद कुछ देर के लिए वहां हंगामे की स्थिति बन गई। हालांकि अधिकारियों ने मामले को शांत कराया और शिकायत की जांच कराने की बात कही।
*अभियान और तेज करने के संकेत*
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार राजबाड़ा, कृष्णपुरा और आसपास के बाजार क्षेत्रों में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा। निगम का कहना है कि बाजारों में व्यवस्था बनाए रखने और यातायात सुचारू रखने के लिए निर्धारित सीमा से बाहर किसी को भी सामान रखने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

737 views