*राजबाड़ा में फुटपाथ को लेकर सियासत तेज: फुटपाथ माफिया सक्रिय, निगम पर दबाव की कोशिश*
इंदौर। शहर के ऐतिहासिक व्यापारिक क्षेत्र राजबाड़ा और कृष्णपुरा इलाके में फुटपाथ को लेकर एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। फुटपाथ लगाने की मांग को लेकर कथित फुटपाथ माफिया सक्रिय हो गए हैं और नगर निगम पर दबाव बनाने की कोशिशें तेज कर दी गई हैं।
सूत्रों के अनुसार इस पूरे मामले में (अ) संतोष की चौधराई में हस्ताक्षर अभियान चलवाया जा रहा है। इसके जरिए निगम प्रशासन पर दबाव बनाने की रणनीति अपनाई जा रही है। खास बात यह भी सामने आ रही है कि इस अभियान में कुछ ऐसे लोग भी सक्रिय हैं जो पक्की दुकानों में किराए पर छोटे-छोटे ठिए (चक्रे) लेकर कारोबार करते हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बुधवार शाम नगर निगम के अपर आयुक्त स्वयं राजबाड़ा और कृष्णपुरा क्षेत्र में सड़क पर उतरे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने साफ संकेत दिए कि किसी भी सूरत में सड़क और फुटपाथ पर चक्रों के रूप में अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इसी दौरान कृष्णपुरा क्षेत्र के कुछ व्यापारियों ने निगम के रिमूवल दल पर ही गंभीर आरोप लगाए। व्यापारियों ने अपर आयुक्त के सामने आरोप लगाया कि कार्रवाई के नाम पर वसूली की शिकायतें हैं। यह आरोप सुनकर मौके पर मौजूद अधिकारी कुछ समय के लिए असहज होते नजर आए।
नगर निगम प्रशासन अब पूरे मामले की आंतरिक पड़ताल में जुटा है। वहीं व्यापारिक क्षेत्र में यह चर्चा भी तेज है कि फुटपाथ की आड़ में अतिक्रमण को फिर से वैध कराने की कोशिशें चल रही हैं।
फिलहाल प्रशासन की सख्त मंशा साफ है राजबाड़ा क्षेत्र में सड़क और फुटपाथ पर किसी भी तरह का नया अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा।






