पीएम मोदी करेंगे छत्रपति शिवाजी महाराज की 400वीं जयंती का कार्यक्रम अध्यक्षता*
छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर बृहस्पतिवार को आगरा किला ‘जय भवानी, जय शिवाजी’ के उद्घोष से गूंज उठा। किले के बाहरी परिसर में आयोजित भव्य कार्यक्रम में लेजर शो के माध्यम से शिवाजी महाराज की शौर्य गाथा और आगरा किले से जुड़े स्वाभिमान के प्रसंग को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। यह आयोजन लगातार चौथे वर्ष आयोजित किया गया, जिसमें महाराष्ट्र सहित देश के विभिन्न हिस्सों से आए लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2030 में छत्रपति शिवाजी महाराज की 400वीं जयंती पर आगरा किले में होने वाले कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। अजिंक्य देवगिरी प्रतिष्ठान और महाराष्ट्र सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री सी. आर. पाटील, राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, महाराष्ट्र के सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशीष शेलार और उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय समेत कई गणमान्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत महाराष्ट्र गीत से हुई। इसके बाद मराठी भाषा में शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक का सजीव मंचन किया गया। अंत में लेजर शो के जरिए उनके शौर्य, पराक्रम और स्वाभिमान की गाथा को दर्शकों के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।






