जीएसटी आयुक्त से अहिल्या चेम्बर्स का प्रतिनिधिमंडल मिला, हर माह होगी सुनवाई बैठक
इंदौर।
अहिल्या चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स इंड्रस्ट्रीज का एक प्रतिनिधिमंडल जीएसटी आयुक्त अनय द्विवेदी से मिला। बैठक में व्यवसायिक संगठनों के साथ विभागीय स्तर पर सतत समन्वय, सहज संवाद और सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने पर सहमति बनी। इस दिशा में निर्णय लिया गया कि हर माह एक बार व्यवसायिक समस्याओं की सुनवाई के लिए नियमित बैठक आयोजित की जाएगी।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व अहिल्या चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स इंड्रस्ट्रीज के अध्यक्ष रमेश खंडेलवाल ने किया। बैठक में चेम्बर्स के बोर्ड पदाधिकारीगण के साथ जीएसटी विशेषज्ञ अश्विन लखोटिया एवं ए.के. गौर भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर गोपाल अग्रवाल, गोविंद अग्रवाल, अक्षय जैन , प्रेम माहेश्वरी, नरेंद्र बाफना, इशाक चौधरी, राजेश बाहेती, मनीष निगम एवं परमानंद वालेचा की भी सहभागिता रही। प्रतिनिधिमंडल ने विभिन्न व्यवसायिक संगठनों को जीएसटी से जुड़े मामलों में आ रही विभागीय कठिनाइयों एवं व्यावहारिक समस्याओं से आयुक्त को अवगत कराया।
चर्चा के दौरान जीएसटी आयुक्त अनय द्विवेदी ने आश्वस्त किया कि विभाग व्यवसायिक संगठनों की समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ कार्य करेगा और नियमित संवाद से प्रक्रियाओं को अधिक सुगम बनाया जाएगा।
यह जानकारी अहिल्या चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स इंड्रस्ट्रीज के ज्वाइंट सेक्रेटरी अक्षय जैन ने दी।






