मुख्यमंत्री डॉ. यादव से मिले हॉकी इंडिया के अधिकारी और हॉकी खिलाड़ी

मुख्यमंत्री डॉ. यादव से मिले हॉकी इंडिया के अधिकारी और हॉकी खिलाड़ी
भोपाल :मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से शुक्रवार की रात्रि हॉकी इंडिया के अधिकारियों ने मुलाकात कर हॉकी स्पर्धा की ट्राफी और प्रतीक चिन्ह भेंट किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने समस्त खिलाड़ियों को सफलता के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय जूनियर हॉकी टीम भी तमिलनाडु में स्वर्ण पदक जीते और हमारी बेटियां भी चिली में हो रही स्पर्धा में कमाल दिखाएं। राज्य सरकार खिलाड़ियों को भरपूर प्रोत्साहन देती रहेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में हॉकी इंडिया के अधिकारियों से भेंट के अवसर पर संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव को एफआईएच पुरुष जूनियर हॉकी विश्व कप 2025 की ट्रॉफी व प्रतीक चिन्ह भेंट किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने खेल मंत्री के साथ औपचारिक रूप से हॉकी भी खेली। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हॉकी खिलाड़ी केप्टिन ज्योति सिंह, खैदेम शिलैमा चानू, सोनम और प्रियंका यादव को भारतीय टीम में शामिल होने को उपलब्धि बताते हुए भारतीय हॉकी जूनियर टीम में मध्यप्रदेश की बेटी ज्योति सिंह को टीम की कप्तानी मिलने पर बधाई दी।
इस अवसर पर जानकारी दी गई कि 28 नवम्बर से 10 दिसम्बर तक चैन्नई, मदुरई (तमिलनाडु) में पुरुष जूनियर हॉकी विश्वकप 2025 में आयोजन हो रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भारतीय जूनियर हॉकी टीम के स्वर्ण पदक जीतने के लिए बाबा महाकाल से कामना की। खेल मंत्री श्री विश्वास सारंग के अलावा मध्यप्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के सचिव दिग्विजय सिंह ,खेल संचालक श्री राकेश गुप्ता भी उपस्थित थे।

2010 views