*प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तैयारियों का लिया जायजा, कहा- पीएम मित्रा पार्क से क्षेत्र का समग्र विकास होगा

*प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तैयारियों का लिया जायजा, कहा- पीएम मित्रा पार्क से क्षेत्र का समग्र विकास होगा*

*नए दौर में नई इबारत लिखने के लिए मध्यप्रदेश तैयार – मुख्यमंत्री डॉ. यादव*

*बदनावर ऐसा अकेला क्षेत्र बनेगा जहां एक परिसर में एक लाख लोगों को मिलेगा रोजगार*
इंदौर, 11 सितम्बर 2025
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज धार जिले के भैसोला में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के आगमन की तैयारियों की समीक्षा करने पहुंचे। यहाँ उन्होंने कहा कि मप्र नए दौर में नई इबारत लिखने को तैयार हो गया है। अब यहां की विश्वस्तरीय सुविधाएं बदनावर जैसे क्षेत्र में देश का पहला पीएम मित्रा पार्क स्थापित कर एक ही स्थान पर एक लाख युवाओं, महिलाओं को प्रत्यक्ष रूप से रोजगार प्रदान करने में सक्षम हो गई है। उन्होंने कहा कि पीएम मित्रा पार्क के ज़रिए नया दौर आने वाला है, जिससे क्षेत्र के विकास में सकारात्मक बदलाव आएगा। यह अवसर प्रदेश के किसानों, महिलाओं और आम नागरिकों के लिए भी महत्वपूर्ण साबित होगा। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हम धार, उज्जैन और बदनावर को शामिल करते हुए मेट्रोपोलिटन बनाने की ओर अग्रसर है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने देश में 7 पीएम मित्रा पार्क स्वीकृत किये हैं जिसमें से सबसे पहले हमारे यहां बदनावर में पीएम मित्रा पार्क का भूमिपूजन हो रहा है। यहां स्थानीय नागरिकों की मेहनत और फसलों का उपयोग कर रोजगार उपलब्ध करा सकें।
*प्रधानमंत्री श्री मोदी के जन्मदिन से प्रारम्भ होगा सेवा व सुशासन पखवाड़ा*
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक मध्यप्रदेश में सेवा और सुशासन पखवाड़े में खासकर सशक्त नारी-स्वस्थ नारी, सशक्त्-परिवार, इस भावना के साथ अभियान की शुरूआत भी की जाएगी। भैंसोला और बदनावर के संबंध में उन्होंने कहा कि यहां किसानों ने कपास के साथ अपनी जिंदगी का बड़ा हिस्सा बिताया है। ऐसे में कपास की सही कीमत मिले, इस दिशा में हम आगे बढ़ रहे हैं। दुनिया में आज शुद्ध जैविक कपास की मांग बड़ी है। पुराने जमाने के समय में इंदौर, उज्जैन, रतलाम बड़ी-बड़ी मिलो के माध्यम से जाना जाता था। ऐसे में कॉटन उद्योगों के लिए अवसर देकर 6 लाख से अधिक किसानों के लिए यह क्षेत्र एक अलग दुनिया में आयेगा।
*कलेक्टर ने प्रस्तुत की कार्यक्रम स्थल की योजना*
कार्यक्रम स्थल भैंसोला में कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव के समक्ष कार्यक्रम की तैयारियों और व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह भी कहा कि कार्यक्रम में शामिल होने आने वाली आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा नही हो इस बात का पूरा ध्यान रखते हुए तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, उद्योग मंत्री श्री चेतन्य कश्यप, महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया, केंद्रीय राज्यमंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर, श्री हेमंत खंडेलवाल, श्री हितानंद शर्मा, मंदसौर लोकसभा सांसद श्री सुधीर गुप्ता, धार विधायक श्रीमती नीना वर्मा, जावरा विधायक श्री राजेंद्र पांडे गुप्ता, रतलाम ग्रामीण विधायक श्री मथुरालाल डामोर, बडनगर विधायक श्री जितेंद्र पंडिया, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सरदार सिंह मेढ़ा, श्री नीलेश भारती, श्री चंचल पाटीदार श्री राजवर्धन दत्तीगांव समेत जनप्रतिनिधिगण और पीएस उद्योग श्री राघवेंद्र सिंह, सचिव श्री चंद्रमौली शुक्ला, इंदौर नवागत सम्भागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े और आईजी श्री अनुराग सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

3618 views