जारी रहेगी इंदौर सराफा चौपाटी

*जारी रहेगी इंदौर सराफा चौपाटी*

इंदौर। बीते कई दिनों से सराफा कारोबारी और चौपाटी लगाने वाले दुकानदारों के बीच जो टकराव चल रहा था उसका आज दोपहर साढ़े 11 बजे से होने वाली बैठक में पटाक्षेप हो रहा है। शर्तों के साथ व्यापारी और दुकानदारों में समन्वय के चलते अब सराफा चौपाटी कायम रहेगी। मंत्री, महापौर के बाद विधायक में भी इस बात पर सहमति बन गई।

हर स्तर पर दोनों पक्षों से चर्चा कर बीच का रास्ता निकलवाने के जो प्रयास किए वह सार्थक भी हुए और आज साढ़े 11 बजे महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने सराफा के व्यापारियों और दुकानदारों को एआईसीटीएसएल में चर्चा के लिए बुलाया है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच तय शर्तों के साथ सहमति बनेगी, जिसमें चायनीज, मोमोज या अन्य दुकानें, ठेले नहीं लगेंगे। सिर्फ परम्परागत मालपुए, रबड़ी, आइसक्रीम, चाट सहित व्यंजनों की दुकानें ही रहेंगी और ये दुकानें भी रात 9 बजे के बाद खुलेंगी, जब सराफा कारोबारी अपनी दुकानें बंद कर लेंगे। इन सराफा कारोबारियों ने हालांकि शपथ-पत्र के साथ चौपाटी पूरी तरह से हटाने का ही दबाव बनाए रखा। मगर चूंकि राजनीतिक स्तर पर भी इन व्यापारियों को अधिक मदद नहीं मिल सकी और अब दोनों पक्षों की एक समिति भी बनेगी। महापौर इसके लिए तैयार भी हैं और आज की बैठक में सराफा चौपाटी को कायम रखने का ही निर्णय होगा।

*दोनों पक्षों की एक समिति भी बनेगी*

*– दुकानें रात 9 बजे बाद ही लगेंगी*
*– सिर्फ परम्परागत व्यंजनों की ही रहेगी*
*– शर्तों के साथ व्यापारी और दुकानदारों में बना समन्वय मंत्री-महापौर के बाद अब विधायक ने भी दी सहमति*

8710 views