कमिश्नर ने किया सुपर स्पेशलिटी सेंटर भवन का निरीक्षण
31 दिसम्बर तक काम पूरा होने की सम्भावना
140 करोड़ रूपये की लागत से बन रहा है अत्याधुनिक सुपर स्पेशलिटी अस्पताल
इंदौर 16 जुलाई,2019
कमिश्नर श्री आकाश त्रिपाठी ने आज एमवाय हॉस्पिटल परिसर स्थित सुपर स्पेशलिटी सेंटर का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अस्पताल भवन की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाये और भवन निर्माण का कार्य 31 दिसम्बर,2019 तक पूरा कर लिया जाये। उन्होंने भवन निर्माण के संबंध में संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी हासिल की।
ज्ञातव्य है कि यह भवन बैसमेंट को मिलाकर कुल 10 मंजिला है। इसमें ह्दयरोग, किडनी रोग और प्लास्टिक सर्जरी का इलाज किया जायेगा। इसमें रेडियोलॉजी, फिजियोथैरपी, कार्डियोलॉजी, हिमोटोलॉजी, इम्युनोलॉजी, इमरजेंसी मेडिसिन, ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन, जनरल एनेस्थीसिया, रेडियोलॉजी, फिजियोथेरेपी और रिहेबिलिटेशन सेंटर की सुविधा रहेगी। भवन का 90 प्रतिशत का पूरा हो चुका है। भवन निर्माण पर लगभग 140 करोड़ रूपये लागत आयेगी। इस दस मंजिला भवन के लिये 22 हजार वर्ग मीटर जमीन उपलब्ध कराई है। निर्माण क्षेत्र फल 13 हजार वर्ग मीटर है। इस सुपर स्पेशलिटी सेंटर अस्पताल बन जाने से क्षेत्र के मरिजों को विशेष सुविधा मिलेगी। अस्पताल का उद्देश्य एमवाय अस्पताल का भार कम करना है। एमवाय अस्पताल हमेशा ओवरलोडेड रहता है।
निरीक्षण के दौरान बताया गया कि इस अस्पताल में सभी तरह की जांच होगी और ब्लड बैंक भी बनाया जा रहा है। इस भवन के पास में एक एनेक्सी बनाई जा रही है, जिसमें प्रायवेट वार्ड बनाये जायेंगे। इस अवसर पर एमजीएम मेडिकल कॉलेज डीन डॉ. ज्यौति बिन्दल, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. ए.डी भटनागर, डॉ. राहुल रोकड़े आदि प्रतिनिधि मौजूद थे।






