अमेरिका-चीन टैरिफ वॉर : 245% आयात शुल्क लगाने की अमेरिकी घोषणा से बढ़ा तनाव*
अमेरिका और चीन के बीच व्यापारिक तनातनी एक बार फिर चरम पर पहुंच गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन के उत्पादों पर 245% तक आयात शुल्क लगाने की घोषणा कर दी है। यह कदम चीन द्वारा हाल ही में लगाए गए 125% टैरिफ के जवाब में उठाया गया है। व्हाइट हाउस के अनुसार, चीन की जवाबी कार्रवाइयों के चलते अमेरिका को यह कड़ा निर्णय लेना पड़ा। खासकर उन खनिजों और तकनीकी सामग्रियों के निर्यात पर चीन द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों के कारण, जिनका उपयोग सैन्य और उच्च तकनीकी क्षेत्रों में होता है। चीन की ओर से इन टैरिफों की आलोचना करते हुए कहा गया कि अमेरिका स्पष्ट करे कि यह 245% टैरिफ किन उत्पादों पर और किस दर से लागू होंगे। साथ ही चीन ने इस युद्ध को न चाहने, लेकिन उससे न डरने की बात भी दोहराई है। ट्रंप प्रशासन ने कुछ इलेक्ट्रॉनिक सामानों पर राहत दी है, जिसमें स्मार्टफोन और लैपटॉप जैसे उपकरण शामिल हैं। इस बीच, चीन ने विश्व व्यापार संगठन (WTO) में अमेरिका के खिलाफ शिकायत भी दर्ज कर दी है। दोनों देशों ने बातचीत की इच्छा जताई है, लेकिन इस संघर्ष के जल्द खत्म होने के आसार फिलहाल कम ही नजर आ रहे हैं।






