नेशनल हेराल्ड केस में गरमाई सियासत : खरगे ने भाजपा पर साधा निशाना, बताया राजनीतिक बदला*
नेशनल हेराल्ड मामले में ईडी द्वारा सोनिया गांधी, राहुल गांधी समेत कई कांग्रेस नेताओं पर चार्जशीट दायर किए जाने के बाद देश की सियासत में हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इसे पूरी तरह राजनीति से प्रेरित बताते हुए भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह केस बेबुनियाद है और सिर्फ राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से लाया गया है। खरगे ने कहा कि सोनिया गांधी ने अखबार को दोबारा शुरू करने के लिए ऋण और दान लिया था, जो नियमों के दायरे में था। भाजपा अब इसे गलत साबित करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी इस मुद्दे पर देशभर में विरोध करेगी और जनता को सच्चाई बताएगी। कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने भी ईडी की कार्रवाई को राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताया और सवाल उठाया कि क्या जांच एजेंसियों की नजर सिर्फ विपक्ष पर ही है। ईडी ने चार्जशीट में सोनिया गांधी को आरोपी नंबर एक और राहुल गांधी को आरोपी नंबर दो बनाया है। इनके अलावा सुमन दुबे, सैम पित्रोदा, यंग इंडियन कंपनी और डोटेक्स मर्केंडाइज से जुड़े लोग भी आरोपी बनाए गए हैं। कांग्रेस ने इस कार्रवाई को दुर्भावनापूर्ण बताते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिए हैं।






