आईपीएल 2025 का आगाज आज, नए कप्तान और नए नियम बनाएंगे रोमांचक*
आईपीएल 2025 का 18वां सीजन आज से शुरू हो रहा है। पहले मुकाबले में गत विजेता कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) का सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) से होगा। इस बार आईपीएल में कई बदलाव किए गए हैं, जिससे टूर्नामेंट और रोमांचक होने वाला है। गेंद पर लार लगाने की अनुमति: कोविड-19 के बाद पहली बार गेंदबाजों को लार लगाने की अनुमति दी गई है, जिससे स्विंग गेंदबाजी को बढ़ावा मिलेगा। ओस का प्रभाव कम करने के लिए नई गेंद: अंपायरों को यदि ओस का असर दिखता है तो दूसरी पारी के 11वें ओवर से नई गेंद दी जा सकती है। वाइड गेंदों के लिए डीआरएस: टीमें ऊंचाई और ऑफसाइड वाइड के लिए भी डीआरएस का इस्तेमाल कर सकेंगी। इस सीजन में कम से कम सात टीमें नए कप्तानों के साथ मैदान पर उतरेंगी। आरसीबी ने रजत पाटीदार को कप्तान बनाया, जबकि अक्षर पटेल दिल्ली कैपिटल्स और श्रेयस अय्यर पंजाब किंग्स की कमान संभालेंगे। कोलकाता की कप्तानी इस बार अजिंक्य रहाणे को दी गई है। रिकी पोंटिंग पंजाब किंग्स के नए कोच बने हैं। राहुल द्रविड़ राजस्थान रॉयल्स के मुख्य कोच बने हैं। ड्वेन ब्रावो केकेआर के मेंटर होंगे। महेंद्र सिंह धोनी के संन्यास को लेकर एक बार फिर चर्चा है, जबकि विराट कोहली और रोहित शर्मा टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास के बाद पहली बार खेलते नजर आएंगे। जसप्रीत बुमराह की फिटनेस भी चर्चा का विषय बनी हुई है। आईपीएल 2025 की शुरुआत के साथ ही क्रिकेट प्रेमियों को अगले 65 दिनों तक रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।






