आरबीआई ने घटाया रेपो रेट, लोन की ईएमआई में मिलेगी राहत*
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मौद्रिक नीति समिति (MPC) ने रेपो रेट में 25 बेसिस प्वाइंट की कटौती कर इसे 6.5% से घटाकर 6.25% कर दिया है। नए गवर्नर संजय मल्होत्रा की अध्यक्षता में हुई पहली बैठक में सभी सदस्यों ने दर कटौती के पक्ष में मतदान किया। इस फैसले से होम, कार और पर्सनल लोन की ईएमआई पर राहत मिलेगी। उदाहरण के लिए, 50 लाख रुपये के होम लोन पर मासिक ईएमआई में 788 रुपये की कमी आएगी, जिससे सालाना 9,456 रुपये की बचत होगी। वहीं, 5 लाख रुपये के कार लोन की ईएमआई 133 रुपये कम होगी, जिससे सालाना 1,596 रुपये की बचत संभव है। आरबीआई गवर्नर ने महंगाई दर नियंत्रण में होने की बात कही और संकेत दिए कि मौद्रिक नीति को तटस्थ रखा जाएगा। साथ ही, महंगाई लक्ष्य से जुड़े फ्रेमवर्क में बदलाव की प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से लागू की जाएगी।






