आयकर छूट बढ़ने से दोपहिया और यात्री वाहनों की बिक्री में वृद्धि की संभावना*
वैश्विक ब्रोकरेज फर्म जेफरीज की एक रिपोर्ट के अनुसार, आयकर छूट की सीमा को बढ़ाकर 12 लाख रुपये करने से दोपहिया और यात्री वाहनों की मांग में बढ़ोतरी हो सकती है। रिपोर्ट में कहा गया है कि इस प्रस्तावित कर राहत से भारतीय मध्यम वर्ग को लगभग एक लाख करोड़ रुपये का कर लाभ मिलेगा, जिससे आटोमोबाइल सहित विवेकाधीन खर्च में वृद्धि हो सकती है। जेफरीज का अनुमान है कि इस कर लाभ का फायदा लगभग 3.5 करोड़ करदाता को होगा, और प्रत्येक व्यक्ति को औसतन 30 हजार रुपये का वार्षिक लाभ मिलेगा। रिपोर्ट में वित्त वर्ष 2024-25 के लिए 43 लाख यात्री वाहनों और 2.1 करोड़ दोपहिया वाहनों के अनुमानित बाजार आकार को देखते हुए यह उम्मीद जताई गई है कि कर कटौती से अतिरिक्त खर्च में वृद्धि हो सकती है। इसके अलावा, रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि वित्त वर्ष 2026-27 में सरकारी क्षेत्र के कर्मचारियों के लिए आगामी वेतन वृद्धि आटोमोबाइल क्षेत्र को और भी बढ़ावा दे सकती है, क्योंकि केंद्र सरकार ने हाल ही में कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि की सिफारिश करने के लिए आठवें वेतन आयोग के गठन की घोषणा की है।






