पाँच वर्षों में भारत बन जाएगा दुनिया का नंबर वन ऑटोमोबाइल बाजार

पाँच वर्षों में भारत बन जाएगा दुनिया का नंबर वन ऑटोमोबाइल बाजार*
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को भरोसा जताया कि भारत का आटोमोबाइल उद्योग अगले पांच वर्षों में दुनिया में नंबर एक स्थान पर पहुंच जाएगा। इस दौरान उन्होंने भारत में लाजिस्टिक्स लागत को दो सालों के अंदर नौ प्रतिशत तक कम करने के अपने मंत्रालय के महत्वाकांक्षी लक्ष्य को रेखांकित किया। अमेजन संभव शिखर सम्मेलन में बोलते हुए सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री ने भारत के आटोमोबाइल उद्योग की वृद्धि का उल्लेख किया। गडकरी ने कहा, ‘मेरे पदभार संभालने के बाद से सात लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 22 लाख करोड़ रुपये हो गया है।’ 78 लाख करोड़ की लागत के साथ अमेरिका पहले स्थान पर और 47 लाख करोड़ के साथ चीन का आटोमोबाइल बाजार दूसरे नंबर पर है। मंत्री ने कहा कि भारत में प्रतिष्ठित वैश्विक आटोमोबाइल ब्रांडों की उपस्थिति देश की क्षमता का संकेत देती है। उन्होंने दो सालों के अंदर भारत में लाजिस्टिक्स लागत को एक अंक तक कम करने के अपने मंत्रालय के लक्ष्य को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा, “भारत में लाजिस्टिक लागत 16 प्रतिशत है और चीन में यह आठ प्रतिशत है, अमेरिका और यूरोपीय देशों में यह 12 प्रतिशत है। सरकार ने लाजिस्टिक लागत को कम करने का फैसला किया है। हमारा लक्ष्य है कि दो साल के भीतर, हम लाजिस्टिक लागत को नौ प्रतिशत तक ले आएंगे।” इस दौरान गडकरी ने उन विशिष्ट परियोजनाओं के बारे में भी बताया, जो प्रमुख शहरों के बीच यात्रा के समय को काफी कम कर देंगी।

1608 views