जन्म-मृत्यु पंजीकरण के लिए शाह ने मोबाइल एप का किया शुभारंभ*
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को जन्म और मृत्यु के परेशानी मुक्त पंजीकरण के लिए एक मोबाइल एप का शुभारंभ किया। भारत के महापंजीयक और जनगणना आयुक्त द्वारा तैयार नागरिक पंजीकरण प्रणाली (सीआरएस) मोबाइल एप से जन्म और मृत्यु के पंजीकरण के लिए अब काफी कम समय लगेगा। शाह ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा- “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के डिजिटल इंडिया विजन के तहत आज नागरिक पंजीकरण प्रणाली मोबाइल एप्लिकेशन का शुभारंभ किया। यह एप नागरिकों को किसी भी समय, किसी भी स्थान से और अपने राज्य की आधिकारिक भाषा में पंजीकरण करने की अनुमति प्रदान करेगा। जन्म और मृत्यु के पंजीकरण को निर्बाध और परेशानी मुक्त बना देगा।” शाह ने यहां भारत के महापंजीयक एवं जनगणना आयुक्त कार्यालय (जनगणना भवन) में सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा का अनावरण भी किया। देश के पहले गृह मंत्री की दो दिन बाद जयंती भी है। शाह ने एक्स पर लिखा- “सरदार पटेल ने देश को एकता के सूत्र में बांधकर एक मजबूत भारत की नींव रखी। यह प्रतिमा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनके समर्पण के प्रतीक के रूप में प्रेरित करती रहेगी।






