उद्यमी महिलाओं के उमंग दीपावली शॉपिंग फ़ेस्टिवल

उद्यमी महिलाओं के उमंग दीपावली शॉपिंग फ़ेस्टिवल का आयोजन 26-27 अक्टूबर को

इंदौर ।अखिल भारतीय श्वेताम्बर जैन महिला संघ केंद्रीय इकाई द्वारा इंदौर में आगामी 26-27 अक्टूबर को “उद्यमी महिलाओं के उमंग दीपावली शॉपिंग फ़ेस्टिवल” का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन इंदौर के अभय प्रशाल में संपन्न होगा। इस भव्य आयोजन में 10,000 से अधिक आगंतुकों की उपस्थिति की उम्मीद है, जो इसे एक सफल और यादगार आयोजन बनाएगी।यह जानकारी अध्यक्ष मंजू घोडावत एवं संस्थापक अध्यक्ष रेखा जैन द्वारा दी गई ।

इस फ़ेस्टिवल का मुख्य उद्देश्य उद्यमी महिलाओं को एक ऐसा मंच प्रदान करना है, जहाँ वे अपने उत्पादों और सेवाओं को बड़े पैमाने पर प्रदर्शित कर सकें। यह उनके व्यावसायिक विस्तार और ब्रांड की पहचान बनाने का सुनहरा अवसर है।
इस आयोजन के माध्यम से छोटे और मध्यम आकार के व्यवसायों को न केवल स्थानीय बल्कि क्षेत्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर भी नई बाज़ार संभावनाओं को खोजने का मौका मिलेगा।
उपभोक्ताओं के लिए यह एक विशेष अवसर होगा, जहाँ वे विभिन्न श्रेणियों के हस्तनिर्मित उत्पाद, पारंपरिक परिधान, आभूषण, सजावटी वस्त्र, घरेलू उत्पाद आदि का एक ही स्थान पर अवलोकन और खरीदारी कर सकेंगे।
अखिल भारतीय श्वेताम्बर जैन महिला संघ का यह १४ वाँ प्रयास समाज में महिलाओं के उद्यमिता के विकास को बढ़ावा देना है। इस आयोजन से प्राप्त होने वाला लाभ संघ के विभिन्न सामाजिक और शैक्षिक कार्यक्रमों के लिए समर्पित किया जाएगा, जिससे समाज के कमजोर वर्गों को सशक्त बनाया जा सकेगा।
स्थानीय और राष्ट्रीय उद्यमियों द्वारा विशेष स्टॉल परिधान, आभूषण, घर की सजावट, और त्योहार विशेष उत्पादों की प्रदर्शनी होगी ।

फ़ोल्डर का विमोचन करते हुए सांसद शंकर लालवानी, मेयर पुष्य मित्र भार्गव एवं समाजसेवी वीरेन्द्र कुमार जैन ने कहा कि यह उत्सव न केवल खरीदारी के लिए बल्कि उद्यमियों और उपभोक्ताओं को एक-दूसरे से जुड़ने, नए विचारों का आदान-प्रदान करने और व्यवसाय के विस्तार के नए अवसरों को तलाशने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।

1608 views