मनमानी : मिठाई के साथ डिब्बा भी तौल रहे दुकानदार

मनमानी : मिठाई के साथ डिब्बा भी तौल रहे दुकानदार*
दिवाली उत्सव पर मिठाई के कारोबार ने जोर पकड़ लिया है। ग्राहकों ने अभी से मिठाई की बुकिंग शुरू कर दी है तो मिठाई विक्रेताओं ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। नवरात्र के बाद से ही मिठाई की दुकानों पर भीड़ जुटने लगी है। मिठाई की पैकिंग के लिए आकर्षक डिब्बे तैयार कराए गए हैं। दुकानदार नियमों को ताक पर रखकर मिठाई की कीमत में डिब्बे की बिक्री कर रहे हैं। इस तरह ग्राहकों के साथ खुलेआम ठगी की जा रही है। हालांकि इसे रोकने के लिए बांट माप विभाग ने कमर कस ली है। मिठाई विक्रेताओं को सख्त चेतावनी दी है कि यदि मिठाई के साथ डिब्बे की कीमत वसूली गई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। मिठाई के साथ डिब्बे की कीमत वसूलने को लेकर हर साल त्योहारी सीजन में शिकायतें की जाती है। आमतौर पर ग्राहक दुकान पर पहुंचकर डिब्बे में मिठाई लेकर चला जाता है। ग्राहक इस पर कम ध्यान देता है कि डिब्बे का वजन 50 से 200 ग्राम तक होता है। ऐसे में वह मिठाई की कीमत में डिब्बा खरीदता है। कई बार शिकायतें होने पर बांट माप अभियान चलाता है तो दुकानदारों की मनमानी सामने आती है।

1407 views