अब मुंबई के सिद्धिविनायक मंदिर के प्रसाद की शुद्धता पर उठे सवाल*
तिरुपति प्रसादम विवाद के बाद अब मुंबई के प्रसिद्ध सिद्धिविनायक मंदिर के प्रसाद में चूहे पाए जाने का मामला सामने आया है। एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि जहां प्रसाद रखा जाता है, वहां चूहे के मृत बच्चे मिले हैं। इससे प्रसाद की शुद्धता पर सवाल उठे हैं और भक्तों में खलबली मच गई है। मुंबई के प्रभादेवी स्थित सिद्धिविनायक मंदिर की दूसरी मंजिल पर भक्तों के लिए लड्डू का प्रसाद बनाया जाता है। वायरल वीडियो में जिस ट्रे में प्रसाद रखे जाते हैं, वहां चूहे के मृत बच्चे दिखाई दे रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद हंगामा मच गया है। हालांकि, मंदिर ट्रस्ट की सचिव वीणा पाटिल ने आरोपों से इन्कार करते हुए कहा, वीडियो की जानकारी मिलने के बाद हमने सीसीटीवी कैमरे चेक किए, लेकिन कुछ नहीं मिला। ऐसे में वीडियो फर्जी प्रतीत होता है। वहीं, ट्रस्ट के अध्यक्ष सदा सरवणकर ने कहा कि जिसने भी ऐसा किया है उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।






