*राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के मृगनयनी एम्पोरियम इंदौर आगमन को लेकर शो-रूम को किया गया नवश्रृंगारित*
इंदौर 16 सितम्बर 2024
राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू का 18-19 सितम्बर को इंदौर भ्रमण प्रस्तावित है। इस दौरान राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू मृगनयनी मध्यप्रदेश एम्पोरियम इन्दौर में आएंगी। वे यहां प्रदेश के विभिन्न नेशनल अवार्ड एवं पदमश्री सम्मानित शिल्पकारों /आर्टिजन्स से सौजन्य भेंट करेंगी तथा प्रदेश की पारंपरिक, कलात्मक माहेश्वरी, चंदेरी, कोसा आदि साड़ियों का अवलोकन करेंगी।
मृगनयनी एम्पोरियम इंदौर के प्रभारी प्रबंधक श्री राहुल जगताप ने बताया कि राष्ट्रपति जी के आगमन को देखते हुये मृगनयनी एम्पोरियम इन्दौर में आवश्यक तैयारियां की जा रही है। मृगनयनी मध्यप्रदेश एम्पोरियम, लघु उद्योग निगम मर्या. के प्रबंध संचालक डॉ. नवनीत मोहन कोठारी (IAS) द्वारा भी शो-रूम में हो रही तैयारियों का निरीक्षण किया गया। राष्ट्रपति जी के आगमन को देखते हुये वृहद स्तर पर तैयारियों के अंतर्गत संपूर्ण एम्पोरियम का रेनोवेशन कार्य, लाईट व्यवस्था, साफ-सफाई आदि का कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। इस मौके पर मृगनयनी एम्पोरियम में डिजाईनर बटीक एवं बाग प्रिंट में क्रेप, शिफॉन, सिल्क व कॉटन की साड़ियाँ सहित पारम्परिक चंदेरी, महेश्वरी, कोसा साड़ियाँ, ड्रेस मटेरियल्स व आकर्षक बेडशीट की नवीन वैरायटी रखी गई हैं। साथ ही एम्पोरियम में कलात्मक हैण्डीक्राफ्ट का भी वृहद कलेक्शन रखा गया है।






