तुलसी नगर, बीसीएम पैराडाइज सड़क निर्माण में देरी से जानलेवा हालात, लोगों में आक्रोश ।
इंदौर: बॉम्बे हॉस्पिटल-तुलसी नगर रोड पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो मासूम लड़कियों की जान चली गई, जिससे क्षेत्र में गहरा शोक और आक्रोश व्याप्त है। तुलसी नगर पुलिया से बीसीएम पैराडाइज चौराहा तक का संकीर्ण सड़क मार्ग लंबे समय से दुर्घटनाओं का केंद्र बना हुआ है। इस मार्ग पर वाहन चालकों के लिए गंभीर दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है, खासकर बारिश के बाद सड़कों की जर्जर स्थिति के कारण।
यह सड़क निपानिया को शहर के मुख्य हिस्सों से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है, लेकिन सड़क की तंग और खराब हालत के कारण रोजाना हजारों लोग जोखिम भरे सफर के लिए मजबूर हैं। लगभग नौ महीने पहले इंदौर विकास प्राधिकरण (आईडीए) द्वारा इस सड़क को चौड़ा कर दो लेन बनाने और अतिक्रमण हटाने के लिए टेंडर मंजूर किया गया था, लेकिन इसके बावजूद अभी तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। बारिश का मौसम भी समाप्ति की ओर है, लेकिन अधिकारियों की लापरवाही से अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।
इस हादसे से गुस्साए क्षेत्र के निवासियों ने साफ कर दिया है कि यदि जल्द ही तुलसी नगर पुलिया से बीसीएम पैराडाइज और वहां से एडवांस अकादमी तक की सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया, तो वे बड़े पैमाने पर धरना-प्रदर्शन करेंगे।
वार्ड 36-37 रहवासी महासंघ के पदाधिकारियों ने प्राधिकरण और नगर निगम की कड़ी आलोचना करते हुए कहा है कि अधिकारियों की घोर लापरवाही के कारण इस क्षेत्र के हजारों लोग अपनी जान जोखिम में डालकर इस खतरनाक मार्ग पर सफर करने को मजबूर हैं। संकीर्णता, गड्ढों और सड़क के किनारे बहते खुले नाले के चलते यहां हर रोज दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग न केवल अत्यधिक उपयोग में आता है, बल्कि इसके निर्माण में हो रही देरी लोगों की जान के साथ खिलवाड़ है। यदि प्रशासन ने जल्द ही इस पर ध्यान नहीं दिया, तो विरोध तेज होगा और इसे लेकर कोई भी अनहोनी हुई तो उसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।






