राष्ट्रपति-पीएम मोदी ने मनु-सरबजोत को दी बधाई, भारत का दूसरा पदक भी निशानेबाजी में

राष्ट्रपति-पीएम मोदी ने मनु-सरबजोत को दी बधाई, भारत का दूसरा पदक भी निशानेबाजी में*
आज पेरिस ओलंपिक का चौथा दिन है। मनु और सरबजोत ने भारत को दूसरा पदक दिला दिया है। इन दोनों ने आज 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया। यह मनु का इस ओलंपिक में दूसरा पदक रहा। इससे पहले उन्होंने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में भी कांस्य जीता था। राष्ट्रपति ने भी मनु और सरबजोत को बधाई दी है। उन्होंने एक्स पर लिखा- शूटिंग की मिश्रित टीम 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में भारत के लिए कांस्य पदक जीतने पर मनु भाकर और सरबजोत सिंह को बधाई! मनु भाकर ने एक ही ओलंपिक खेलों में दो पदक जीतने वाली भारत की पहली महिला निशानेबाज बनकर इतिहास रच दिया है। उन्होंने हमें बेहद गौरवान्वित किया है। मैं उन्हें और सरबजोत सिंह को भविष्य में और अधिक उपलब्धि हासिल करने की शुभकामनाएं देती हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने पर मनु भाकर और सरबजोत सिंह को बधाई दी है। उन्होंने एक्स पर लिखा- हमारे निशानेबाजों ने हमें गौरवान्वित करना जारी रखा है। ओलंपिक में 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने पर मनु भाकर और सरबजोत सिंह को बधाई। दोनों ने शानदार कौशल और टीम वर्क दिखाया है। भारत बेहद खुश है।

1608 views