मुकदमा दर्ज होने के तीन साल में न्याय मिलेगा : शाह

मुकदमा दर्ज होने के तीन साल में न्याय मिलेगा : शाह*
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि नए आपराधिक कानूनों के तहत एफआईआर दर्ज होने के तीन साल के भीतर सभी मामलों में सुप्रीम कोर्ट तक न्याय मिल जाएगा। इससे भविष्य में अपराध में कमी आएगी क्योंकि नए कानूनों के तहत 90 फीसदी दोषसिद्धि की अपेक्षा है। नए आपराधिक कानून लागू होने पर शाह ने कहा, ये कानून न्याय प्रदान करने को प्राथमिकता देंगे, जबकि औपनिवेशिक काल के कानूनों में दंडात्मक कार्रवाई को प्राथमिकता दी जाती थी। नए कानून न्यायिक प्रणाली के लिए समयसीमा निर्धारित करेंगे। आपराधिक मामलों में फैसला सुनवाई पूरी होने के 45 दिनों के भीतर आएगा और पहली सुनवाई के 60 दिनों के भीतर आरोप तय किए जाएंगे। शाह ने कहा, नए कानून लागू करने के लिए पुलिस, फोरेंसिक और जेलकर्मियों को भी प्रशिक्षित किया गया है। 22.50 लाख पुलिस कर्मियों के प्रशिक्षण के लिए 12,000 से अधिक प्रशिक्षक तैयार हैं।17,000 से अधिक थानों में लगभग 6.20 लाख पुलिस कर्मियों को नए कानूनों के लिए प्रशिक्षित किया गया है।

1742 views