ज्यादा खुश ना हो रोहित ब्रिगेड! एक छोटी-सी गलती पड़ सकती है भारी, कहीं गंवाना न पड़ जाए सेमीफाइनल का टिकट*
टी20 वर्ल्ड कप 2024 में भारतीय टीम का सफर अब तक शानदार रहा है। टीम इंडिया को अब तक एक भी मैच में हार का सामना नहीं करना पड़ा। ग्रुप स्टेज में 3 मैच जीतने के बाद मैन इन ब्लू ने सुपर-8 में अपने दोनों मैच जीते हैं।ऐसे में कयास लगाए जाने लगे हैं कि भारतीय टीम आसानी से सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी। हालांकि, रोहित ब्रिगेड के लिए यह सफर आसान नहीं रहने वाला है। सुपर-8 के आखिरी मैच में रोहित शर्मा एंड कंपनी ऑस्ट्रेलिया से टकराएगी। अगर कंगारू टीम इस मैच में भारत को हरा देती है तो टीम इंडिया की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।अगर ऑस्ट्रेलिया भारत को हराता है तो दोनों टीमें के 4-4 अंक होंगे। दूसरी ओर ग्रुप 1 में दो अन्य टीमें अफगानिस्तान और बांग्लादेश हैं। दोनों टीमों ने ही 2-2 मैच खेले हैं। इस दौरान अफगानिस्तान के 2 और बांग्लादेश के 0 अंक हैं। टी20 वर्ल्ड कप 2024 के 52वें मुकाबले में अफगान टीम की टक्कर बांग्लादेश से होगी। अगर राशिद खान की कप्तानी वाली टीम इस मैच को जीत जाती है तो ग्रुप 1 से भारत, ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान के 4-4 पॉइंट होंगे। इस स्थिती में नेट रन रेट निर्णायक होगा।






