उप्र पुलिस में ‘आउटसोर्सिंग’ पर छिड़ा विवाद तो शुरू हुई जांच, अखिलेश-प्रियंका ने सरकार को घेरा*
उप्र पुलिस में लिपिक संवर्ग में संविदा पर भर्ती के प्रस्ताव से जुड़ा एक पत्र सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जहां पुलिस महकमे को बड़ी किरकिरी का सामना करना पड़ा है, वहीं विपक्ष ने सरकार पर तीखा हमला किया है। पुलिस मुख्यालय ने इस पर सफाई दी है कि त्रुटिवश यह पत्र जारी हुआ, ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं है। मामले को तूल पकड़ता देख प्रकरण की जांच शुरू की गई है। स्थापना शाखा से गलत पत्र किन परिस्थितियों में जारी हुआ और बिना परीक्षण के अन्य शाखाओं में भेजा गया, एडीजी स्थापना संजय सिंघल ने एएसपी को इसकी जांच सौंपी है। दूसरी ओर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तंज किया कि भाजपा कहीं किसी दिन ‘सरकार’ ही आउटसोर्स न कर दे। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी एक्स पर पोस्ट लिखी है जबकि आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने भी कहा कि उत्तर प्रदेश में सुरक्षा के साथ मजाक किया जा रहा है।






