बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की दौड़ में शिवराज भी शामिल, कांग्रेस ने बताया- PM पद का दावेदार*
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को केंद्र में महत्वपूर्ण विभाग का मंत्री बनाया जा सकता है। इस बीच जेपी नड्डा की जगह उन्हें अध्यक्ष बनाने की अटकलें भी तेज हो गई हैं। इस बीच कांग्रेस नेताओं ने शिवराज की वकालत करते हुए उन्हें प्रधानमंत्री बनाने की मांग भी उठाई है। भले ही भाजपा को अपने दम पर बहुमत न मिला हो, भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को स्पष्ट बहुमत मिल चुका है। इस वजह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तीसरी बार एनडीए सरकार बनने का रास्ता भी साफ हो गया है। सरकार बनाने की तैयारियों के बीच भाजपा ने अपने सभी नवनिर्वाचित सांसदों को दिल्ली तलब किया है। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी दिल्ली के लिए रवाना होने वाले हैं। खबरें यह भी आ रही हैं कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और खजुराहो से सांसद वीडी शर्मा भी दिल्ली पहुंच रहे हैं। दिल्ली में शुक्रवार को भाजपा संसदीय दल की बैठक होनी है। इससे पहले भाजपा की गुरुवार को बैठक प्रस्तावित है। इसमें मध्य प्रदेश से चौहान, डॉ. यादव समेत बड़े नेता शामिल होने वाले हैं। मध्य प्रदेश की सभी 29 सीटों पर भाजपा ने जीत हासिल की है। 1984 के बाद पहला मौका है जब मध्य प्रदेश में किसी एक पार्टी ने लोकसभा की सभी सीटों पर जीत हासिल की है।






