चुनाव परिणाम के बाद हुए नुकसान की तेजी से भरपाई; सेंसेक्स 2000 अंक चढ़ा, निफ्टी 22500 पार

चुनाव परिणाम के बाद हुए नुकसान की तेजी से भरपाई; सेंसेक्स 2000 अंक चढ़ा, निफ्टी 22500 पार*
चुनाव परिणामों के दिन औंधे मुंह गिरने के बाद बुधवार को शेयर बाजार में अगले ही दिन मजबूत रिकवरी आई। बुधवार के कारोबारी सत्र के दौरान सेंसेक्स 2000 अंक मजबूत हुआ वहीं दूसरी ओर निफ्टी भी एक ही दिन में 22500 के स्तर को पार कर गया। इस तरह बाजार ने चुनाव परिणामों के दिन हुए कुल नुकसान में से आधे की भरपाई एक दिन में ही कर ली है। बुधवार को दो बजकर छह मिनट पर सेंसेक्स 1,993.22 (2.76%) अंक मजबूत होकर 74,073.73 के स्तर पर पहुंच गया। दूसरी ओर, निफ्टी 639.80 (2.92%) अंक मजबूत होकर 22,524.30 के स्तर पर कारोबार करता दिखा। लोकसभा चुनाव परिणामों के बाद बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 4,389.73 अंक या 5.74 प्रतिशत की गिरावट के साथ दो महीने से अधिक के निचले स्तर 72,079.05 अंक पर बंद हुआ। दिन के कारोबार में सेंसेक्स 6,234.35 अंक या 8.15 प्रतिशत के नुकसान से करीब पांच महीने के निचले स्तर 70,234.43 अंक पर आ गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 1,982.45 अंक यानी 8.52 प्रतिशत गिरकर 21,281.45 अंक के निचले स्तर पर पहुंच गया था। कारोबार के अंत में यह 1,379.40 अंक या 5.93 प्रतिशत की भारी गिरावट के साथ 21,884.50 अंक पर बंद हुआ। हालांकि भाजपा को बहुमत नहीं मिलने के बावजूद मोदी सरकार की सत्ता में वापसी को देखते हुए निवेशकों ने अनुमान जताया था कि आने वाले दिनों में बाजार में रिकवरी दिखेगी।

1742 views