मैं सचिन तेंदुलकर बोल रहा हूं… देश का आप पर कर्ज है’, क्या आपके पास भी आया है ये कॉल

मैं सचिन तेंदुलकर बोल रहा हूं… देश का आप पर कर्ज है’, क्या आपके पास भी आया है ये कॉल ?*
इस लोकसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत में गिरावट देखने को मिल रही है। चुनाव आयोग कई कार्यक्रमों के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक करने में जुटा है। फिल्म जगत की कई हस्तियां भी लोगों से मतदान की अपील कर रही हैं। अब पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर की रिकॉर्डेड कॉल के माध्यम से जागरूक किया जा रहा है।
छठे और सातवें चरण में जिन राज्यों में मतदान है, उन राज्यों के लोगों के पास पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर का फोन आ सकता है। भारत निर्वाचन आयोग मतदाताओं को यह कॉल कर रहा है। कॉल के माध्यम से मतदाताओं को वोट डालने की खातिर प्रेरित किया जा रहा है। बता दें कि सचिन तेंदुलकर चुनाव आयोग के ब्रांड एंबेसडर हैं और यह कॉल रिकॉर्डेड होती है। मैं सचिन तेंदुलकर बोल रहा हूं, भारतीय निवार्चन आयोग का ब्रांड एंबेसडर। आप सभी से अपील करता हूं कि लोकसभा चुनाव 2024 में अपना वोट जरूर करें, आपका वोट आपका अधिकार है। चुनाव एक फर्ज है, आप पर देश का कर्ज है। अभी तक पांच चरणों में देश की 428 लोकसभा सीटों पर मतदान हो चुका है। छठे चरण में 58 और सातवें चरण में 57 लोकसभा सीटों पर मतदान होगा। यानी की अभी 115 लोकसभा सीटों पर मतदाता अपने सांसद का चयन करेंगे। चार जून को मतगणना होगी।

1675 views