प्रियंका की तीखी टिप्पणी, महिलाओं से भी ज्यादा कपड़े बदलते हैं नरेंद्र मोदी*
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मोदी महिलाओं से भी ज्यादा कपड़े बदलते हैं। प्रियंका ने कहा कि बीते 10 सालों में मोदी ने चंदा लेकर भाजपा को विश्व की सबसे अमीर पार्टी बना दिया, जबकि कांग्रेस 70 सालों में भी नहीं बन सकी। देश का गरीब किसान कर्ज नहीं भर पाता है। मोदी किसान का कर्ज माफ नहीं कर सके और अपने 22 उद्योगपतियों के 16 हजार करोड़ रुपये का कर्ज माफ कर दिया। कांग्रेस महासचिव ने यहां अलग अलग जगह आयोजित नुक्कड़ सभाओं में कहा कि प्रधानमंत्री कहते हैं कि कांग्रेस की सरकार आएगी तो आपकी दो भैंसों में एक छीनकर दूसरे को दे देगी। मोदी जी लोगों को डरा रहे हैं। इंदिरा गांधी संकट के समय गांवों में पहुंचती थीं, वहीं पीएम मोदी विदेश चले जाते हैं। प्रियंका ने कहा कि लखीमपुर खीरी में किसान आंदोलन कर रहे थे। मंत्री के बेटे ने किसानों पर कार चढ़ा दी और किसानों की मौत हो गई, लेकिन नरेंद्र मोदी ने किसानों से बात करने की जरूरत नहीं समझी। भाजपा प्रत्याशी गरीबों की जमीन हड़प रहे हैं। प्रधानों, कोटेदारों व बीडीसी सदस्यों को धमका रहे हैं। क्षेत्र में पांचों भाइयों ने आतंक फैला रखा है।






