प्रधानमंत्री मोदी ने ‘प्राण प्रतिष्ठा’ से पहले शुरू किया विशेष अनुष्ठान, शेयर किया भावुक ऑडियो संदेश*
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा से पहले एक ऑडियो मैसेज जारी किया है। अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के लिए सिर्फ 11 दिन बचे हैं। इसको लेकर पीएम मोदी ने 22 जनवरी को राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले 11 दिन का व्रत अनुष्ठान शुरू किया है। उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर 10 मिनट 50 सेकेंड का ऑडियो संदेश शेयर किया है।पीएम मोदी ने ऑडियो संदेश की शुरुआत में कहा, “जीवन के कुछ क्षण ईश्वरीय आशीर्वाद की वजह से ही यथार्थ में बदलते हैं। आज हम सभी भारतीयों के लिए, दुनियाभर में फैले रामभक्तों के लिए ऐसा ही पवित्र अवसर है। हर तरफ प्रभु श्रीराम की भक्ति का अद्भुत वातावरण है। चारों दिशााओं में राम नाम की धुन, राम भजनों की की अद्भुत सौंदर्य माधुरी, हर किसी को इंतजार है 22 जनवरी का। उस ऐतिहासिक पवित्र पल का…और अब अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा में केवल 11 दिन ही बचे हैं।”उन्होंने संदेश में कहा, “मेरा सौभाग्य है कि मुझे भी इस पुण्य अवसर का साक्षी बनने का अवसर मिल रहा है। ये मेरे लिए कल्पनातीत अनुभूतियों का समय है। मैं भावुक हूं, भाव-विह्वल हूं! मैं पहली बार जीवन में इस तरह के मनोभाव से गुजर रहा हूं, मैं एक अलग ही भाव-भक्ति की अनुभूति कर रहा हूं। मेरे अंतर्मन की ये भाव-यात्रा, मेरे लिए अभिव्यक्ति का नहीं, अनुभूति का अवसर है। चाहते हुए भी मैं इसकी गहनता, व्यापकता और तीव्रता को शब्दों में बांध नहीं पा रहा हूं। आप भी मेरी स्थिति भली भांति समझ सकते हैं






