बीजेपी ने 543 लोकसभा सीटों पर मुस्लिम वर्ग से मोदी मित्र बनाने का लिया निर्णय*

बीजेपी ने 543 लोकसभा सीटों पर मुस्लिम वर्ग से मोदी मित्र बनाने का लिया निर्णय*
अपनी सरकारी योजनाओं में सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास की नीति पर चल रही भाजपा चुनावी रणनीति में भी सबका साथ और सबका विश्वास को लेकर चल पड़ी है। इसी प्रयास में भगवा खेमा मुस्लिम वर्ग के निकट जाने का भी लगातार प्रयास कर रहा है। यही वजह है कि पहले सिर्फ 65 संसदीय सीटों पर मोदी मित्र बनाने का लक्ष्य तय किया गया था। लेकिन अब पार्टी ने देश की सभी 543 लोकसभा सीटों पर मुस्लिम वर्ग से मोदी मित्र बनाने का निर्णय किया है। 2024 में होने जा रहे लोकसभा चुनाव के महामुकाबले के लिए सभी राजनीतिक दल कमर कसकर तैयार हैं। अधिकतर विपक्षी दलों ने मिलकर इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस (आइएनडीआइए) बनाया है। भाजपा के विरुद्ध साझा उम्मीदवार उतारने की तैयारी है। विपक्ष अपनी इस रणनीति में उन सीटों को लेकर खास तौर पर आश्वस्त है, जहां है मुस्लिम आबादी अधिक है। इनका मानना है कि ज्यादातर विपक्षी दल साथ होंगे तो भाजपा के विरुद्ध इन वोटों का बंटवारा नहीं होगा। वहीं, भाजपा भी इस वोटबैंक में सेंध लगाने के लिए पूरे जतन कर रही है। इस रणनीति की शुरुआत देश की उन चुनिंदा 65 सीटों से की गई थी, जहां मुस्लिम आबादी 30 प्रतिशत से अधिक है। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चे को इस कार्यक्रम की कमान सौंपते हुए लक्ष्य दिया गया था कि हर विधानसभा क्षेत्र में 800 से एक हजार और लोकसभा क्षेत्र में पांच हजार मोदी मित्र मुस्लिम वर्ग से बनाने हैं।

1340 views