कांग्रेस सरकार आते ही जावरा को जिला बनाया जाएगा

राज्यसभा सदस्य विवेक तन्खा ने जन चेतना मंच को दिया आश्वासन
इंदौर। राज्यसभा सदस्य एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता विवेक तन्खा ने आश्वस्त किया कि मूर्धन्य नेता रहे स्व. कैलाशनाथ काटजू की कर्मस्थली जावरा को कांग्रेस सरकार आने पर जिला घोषित किया जाएगा। जनआक्रोश रैली के सिलसिले में इंदौर आए श्री तन्खा ने इंदौर विमानतल पर जन चेतना मंच, जावरा के पदाधिकारियों से चर्चा करते हुए कहा कि उन्होंने भी मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ एवं घोषणा-पत्र समिति के प्रमुख को जावरा को जिला घोषित करने संबंधी घोषणा वचन-पत्र में शामिल करने को कहा है। श्री तन्खा ने कहा कि प्रदेश की बड़ी तहसीलों में शुमार जावरा को बहुत पहले ही जिला बन जाना चाहिए था। कुछ दिनों बाद मध्यप्रदेश में जनता कांग्रेस को बहुमत देगी और आने वाली सरकार जावरा को जिले का दर्जा प्रदान करेगी। उन्होंने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्रीद्वय कमलनाथ और दिग्विजयसिंह भी जन चेतना मंच की इस मांग से सहमत हैं। इस अवसर पर जन चेतना मंच के संरक्षक प्रवीण कुमार खारीवाल, कार्यकारी अध्यक्ष सुदेश खारीवाल संयोजक वरुण श्रोत्रिय एवं रतलाम जिला पंचायत सदस्य डीपी धाकड़ उपस्थित थे। इस अवसर पर मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री विनय बाकलीवाल ने भी जावरा को जिला बनाने की मांग का समर्थन किया।
1005 views





