सीट शेयरिंग पर चर्चा करेगा विपक्षी गठबंधन इंडिया, पवार के घर होगी मीटिंग, नीतीश-ममता ने बढ़ाई चिंता*
विपक्षी दलों का गठबंधन इंडिया की समन्वय समिति बुधवार को चुनाव रणनीति, अभियान और रैलियों को अंतिम रूप देगी। राकांपा अध्यक्ष शरद पवार के घर पर होने वाली इस पहली बैठक में रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके साथ सीट बंटवारे पर भी चर्चा हो सकती है। इंडिया गठबंधन समन्वय समिति की बैठक काफी महत्वपूर्ण है। क्योंकि इससे पहले विभिन्न उप समूहों की बैठक हो चुकी हैं। सोशल मीडिया समिति व अभियान समिति की बैठकों में हुए विचार विमर्श पर समन्वय समिति चर्चा कर अंतिम मुहर लगाएगी। इसके साथ सामूहिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी। बैठक में सीट बंटवारे को लेकर भी चर्चा हो सकती है। गठबंधन के एक वरिष्ठ नेता के मुताबिक, पिछले प्रदर्शन को आधार बनाकर राज्यों में सीट बंटवारे पर चर्चा हो सकती है। सूत्रों के मुताबिक, ज्यादातर राज्यों में घटकदलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर कोई बहुत मुश्किल पेश नहीं आएगी। एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि कई राज्यों में इंडिया गठबंधन के घटक दलों के बीच सीधा टकराव है। ऐसे में समन्वय समिति हस्तक्षेप कर सकती है। इसके साथ समिति गठबंधन की पहली सामूहिक रैली की तिथि और स्थान तय कर सकती है। अभियान समिति ने पटना, भोपाल, गुवाहाटी और नागपुर का प्रस्ताव दिया है।






