मणिपुर हिंसा को लेकर इंडिया विपक्षी गठबंधन सांसद करेंगे मणिपुर का दौरा

मणिपुर हिंसा को लेकर इंडिया विपक्षी गठबंधन सांसद करेंगे मणिपुर का दौरा

संसद में मणिपुर की घटना को लेकर जारी संग्राम के बीच विपक्षी गठबंधन इंडिया ने बड़ा फैसला किया है। आपको बता दें कि इंडिया गठबंधन के सांसद मणिपुर का 29 और 30 जुलाई को दौरा करेंगे। संसद के मॉनसून सत्र के दौरान विपक्ष लगातार प्रधानमंत्री से जवाब मांग रहा है। इसी बीच बुधवार को कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने मोदी सरकार के खिलाफ मणिपुर की घटना को लेकर ही अविश्वास प्रस्ताव पेश कर दिया। अब इंडिया के सांसदों का मणिपुर जाने का ऐलान केंद्र सरकार को घेरने के बड़े प्लान के रूप में देखा जा रहा है। मणिपुर की घटना पर सरकार के खिलाफ विरोध जताने के लिए गुरुवार को विपक्षी सांसद काले कपड़े पहनकर संसद पहुंचे थे। गृहमंत्री अमित शाह का कहा है कि सरकार सदन में बयान देने को तैयार है। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि मुद्दे को लेकर चर्चा हो लेकिन विपक्ष कोई भी चर्चा नहीं करना चाहता है। इसीलिए सदन की कार्यवाही को ठीक तरीके से चलने नहीं दे रहा है। विपक्ष पीएम मोदी के बयान को लेकर ही अड़ा हुआ है। ऐसे में विरोध करने के लिए विपक्षी सांसद काले कपड़े पहनकर संसद पहुंच गए। बेंगलुरु में विपक्षी एकता की बैठक के बाद शुरू हुए मॉनसून सत्र में विपक्षी दल एकजुट नजर आ रहे हैं। सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले भी सभी दल रणनीति तय करते हैं। हालांकि बाद में संसद भवन में हंगामे के अलावा कुछ नहीं हो पाता। देखना है कि इंडिया के सांसदों को यह दांव सरकार को घेरने में कितना कारगर साबित होगा।

1139 views