भारत-अमेरिका के नए रिश्तों की हुई शुरूआत,बढेगा भारत का मान

भारत-अमेरिका के नए रिश्तों की हुई शुरूआत,बढेगा भारत का मान

व्हाइट हाउस में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन व जिल बाइडेन सहित उपराष्ट्रपति कमला हैरिस तथा बाइडन के प्रशासन के बीच गुरुवार को हुई द्विपक्षीय वार्ता ने भारत व अमेरिका के रिश्तों में नए युग की शुरुआत कर दी है। पहली बार अमेरिका की राजकीय यात्रा पर वाशिंगटन पहुंचे पीएम मोदी का बाइडन प्रशासन ने ऐसा स्वागत किया, जैसा हाल के वर्षों में किसी दूसरे वैश्विक नेता का नहीं किया गया। पिछले दो दिनों में तीन चरणों में राष्ट्रपति बाइडन से मोदी की मुलाकात के बाद दोनों देशों की तरफ से रक्षा, अंतरिक्ष, कारोबार व अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी में सहयोग की जो बड़ी घोषणाएं की गई हैं। वे बदलते वैश्विक समीकरण को भी बता रही हैं। इनमें भारत में अमेरिकी कंपनी जीई एयरोस्पेस की तरफ से युद्धक विमान का इंजन बनाने से लेकर माइक्रोन की तरफ से भारत में सेमीकंडक्टर निर्माण प्लांट लगाने व अंतरिक्ष क्षेत्र में सहयोग तक की घोषणा शामिल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिकी सदन में कहा कि 9/11 और 26/11 के बाद भी आतंकवाद सबसे बड़ा खतरा है, जिससे मिलकर लड़ना होगा। रक्षा क्षेत्र का जिक्र कर कहा कि अमेरिका आज भारत का सबसे अहम सहयोगी है। हम अंतरिक्ष और समुद्र में साथ काम कर रहे हैं। भारत में विमानों की मांग से अमेरिका में रोजगार बढ़ रहा है। मोदी के संबोधन के दौरान सदन में बार बार तालियां बजीं, तो सदन में प्रवेश के समय मोदी मोदी के नारे लगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में सस्ता इंटरनेट डाटा बड़ी क्रांति है। पिछले 9 साल में एक अरब लोगों को इंटरनेट तकनीक से जोड़ा है।

1139 views