एक एकड़ जमीन पर लगा रखा है मेला
ईविप्रा में मेला आयोजको को थमाया 27 लाख जमा करने का नोटिस
इंदौर। खाटू श्याम मंदिर के नाम पर विजयनगर चैराहे पर चल रहे समर कार्निवल मेले में बड़ी कार्यवाही करते हुये इंदौर विकास प्राधिकरण ने आयोजको को 27 लाख से अधिक रूपये जमा करने का का नोटिस थमा दिया। प्राधिकरण ने धोखा देकर करीब एक एकड़ जमीन पर मेला लगाने वाले आयोजको को तीन दिन में जीएसटी सहित बकाया धन राशी जमा करने को कहा है।
उल्लेखनीय है कि विजय नगर चैराहे पर मेला आयोजको ने करीब एक एकड़ जमीन पर कमर्शियल मेला लगा रखा है। आयोजको ने लूट का नायब तरीका निकाला और मात्र पांच हजार स्क्वेयर फीट जमीन का दो लाख पंद्रह हजार रूपये किराया जमा कर 43 दिनों के लिए अनुमति प्राप्त करली। जब इस मामले का पर्दाफाश हुआ तो प्राधिकरण के सीईओ ने टीम भेजकर मेला स्थल की नपती करवाई तो पूरा मामला सामने आया।
प्राधिकरण के सम्पदा अधिकारी वर्ग-2 ने आयोजको को 05 जून को प्रेषित किये पत्र में कहा कि आपके द्वारा 63,602 स्क्वेयर फीट जगह पर मेले का संचालन किया जा रहा है इसलिए तीन दिन में रूपये 27,34,902/- जीएसटी अतिरिक्त जमा करें अन्यथा आपके विरूध कार्यवाही की जायेगी।
विजयनगर चैराहे पर प्राधिकरण की जो जमीन है उसका क्षेत्रफल लगभग एक लाख वर्गफीट है। जमीन बेशकीमती है। 50 हजार वर्गफीट पर खाटू श्याम का दरबार और मेला लगा हुआ है। मेले में प्रवेश के लिए 30 रुपए की फीस तय है। इसके अलावा झूले का किराया अलग। शाम 4 से रात 11 बजे तक मेला चलता है। इस दौरान 3000 से अधिक लोग मेला देखने आते हैं। जिनके माध्यम से मेला संचालकों को रोजना डेढ़ लाख रुपए की कमाई हो रही है। पार्किंग का शुल्क भी तय है। जो अलग है। दुकानदारों से भी पैसे लिए गए हैं। दूसरी तरफ प्राधिकरण को महीनेभर चलने वाले इस मेले से किराए के तौर पर बमुश्किल एक लाख रुपए मिलना है। बाकि पूरी कमाई आयोजकों की होगी। किराया कम देने के लिए मैदान का कुछ हिस्सा ही किराए पर लिया गया है और उसी की अनुमति ली गई। मेले में बच्चों के लिए आकर्षक झूले ज्वाइंट व्हील बड़ा झूला, कोलंबस नाउ, ड्रैगन ट्रेन, टोरा टोरा, ब्रेक डांस मेरी ग्राउंड और बच्चो के आकर्षक झूले, सेल्फी जोन (एफिल टॉवर) व चाट चैपाटी भी है।
मंदिर भी बनाया है
आयोजन समिति का दावा है कि खाटू श्याम का दरबार मेले के रूप में पहली बार सजा है। इस भव्य दरबार में बाबा खाटू श्याम की प्रतीमा, वहां की मिट्टी और ज्योत भी है। भक्तियुक्त माहौल बनाया गया है ताकि ज्यादा से ज्यादा संख्या में लोग मेले में शामिल हो सकें। मेला स्थल पर रोजाना रात 8 बजे आरती होती है जिसमें सनातन धर्म में आस्था रखने वालों को आमंत्रित किया जाता है।
विधायक भी नाराज
आयोजक संस्था द्वारा विधान सभा क्षेत्र-2 के विधायक रमेश मैंदोला का फोटो उपयोग किये जाने से विधायक भी नाराज हो गए हैं। उधर प्राधिकरण के अध्यक्ष जयपाल सिंह चावडा ने संकेत दिये है कि झूट के इस कारोबार को अधिक दिन नहीं चलने दिया जायेगा। उधर आयोजको का कहना है कि मेले के पीछे हिन्दू संगठनों का हाथ है लेकिन हमारे ही लोग हमें बर्बाद करने पर तुले हुये है। आयोजको ने आरएसएस और विश्वहिन्दू परिषद के पदाधिकारियों को अपना दर्द बताया है ।






