*रीवा एयरपोर्ट और दतिया हवाई पट्टी भारतीय विमान पत्तन प्राधिकरण को सौंपेगी मध्य प्रदेश सरकार*
भोपाल। रीवा एयरपोर्ट और दतिया की हवाई पट्टी राज्य सरकार भारतीय विमान पत्तन प्राधिकरण (एएआइ) को सौंपेगी। रीवा का एयरपोर्ट 99 साल की लीज पर दिया जाएगा। इस प्रस्ताव को अंतिम निर्णय के लिए कैबिनेट में प्रस्तुत किया जाएगा।
इसके बाद एएआइ और राज्य के विमानन विभाग के बीच अनुबंध होगा। इसी तरह दतिया की हवाई पट्टी को भी एएआइ को सौंपना प्रस्तावित है। इसका प्रस्ताव भी कैबिनेट में लाया जाएगा। दतिया हवाई पट्टी एएआइ को केवल संचालन के लिए दी जाएगी
इसका स्वामित्व राज्य सरकार के पास ही रहेगा। राज्य सरकार हवाई पट्टी का उपयोग रीजनल एयर कनेक्टिविटी योजना के तहत करेगी। यानी इस हवाई पट्टी से यात्रियों के लिए छोटे विमानों की उड़ान का संचालन किया जाएगा।
दरअसल, रीवा एयरपोर्ट पर एक निजी कंपनी फाल्कन को राज्य शासन ने प्रशिक्षण के लिए अपनी गतिविधियां चलाने की अनुमति दी है। राज्य सरकार ने एएआइ से कहा था कि वह कंपनी की प्रशिक्षण गतिविधि जारी रखने दें, लेकिन एएआइ इसके लिए तैयार नहीं हुई है। जिसके चलते यह कंपनी न्यायालय से रीवा एयरपोर्ट पर एएआइ द्वारा कोई गतिविधि न किए जाने का आदेश ले आई है।
न्यायालय के आदेश के बाद अब एएआइ ने इस कंपनी को रीवा की जगह सतना एयरपोर्ट पर अपनी प्रशिक्षण गतिविधि चलाने के लिए सहमत कर लिया है, लेकिन अभी दोनों ने अपने समझौते की जानकारी न्यायालय में नहीं दी है। कंपनी ने विकल्प के तौर पर उज्जैन हवाई अड्डे पर प्रशिक्षण गतिविधि चलाने के लिए मांग की थी, लेकिन उज्जैन में हवाई पट्टी का किराया अधिक होने से वह पीछे हट गई थी। अब एएआइ ने अपने स्वामित्व वाली सतना हवाई पट्टी पर प्रशिक्षण गतिविधि चलाने की सहमति दे दी है तथा इसका किराया रीवा एयरपोर्ट की तरह ही रखा है।
1273 views





