एम्स डायरेक्टरों का आकलन: गंभीर बीमारी वाले बरतें सावधानी, अभी और बढ़ सकते हैं केस:आईसीएमआर वैज्ञानिक

एम्स डायरेक्टरों का आकलन: गंभीर बीमारी वाले बरतें सावधानी, अभी और बढ़ सकते हैं केस:आईसीएमआर वैज्ञानिक*
कुछ दिनों से कोरोना को लेकर देश में फिर से चर्चा और चिंता होने लगी है। इस माह की शुरुआत से भारत में भी ओमिक्रॉन के सब वेरिएंट XBB.1.16 से लोग संक्रमित होने लगे और रोजाना मरीजों की संख्या भी बढ़ने लगी। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में सवाल आने लगे कि कहीं इस गर्मी में कोरोना के पहले या दूसरे फेस जैसी स्थिति तो नहीं आएगी, इससे कैसे बचें और इस वेरिएंट का बाकी दुनिया की तुलना में हमारे देश में प्रभाव कैसा रहेगा। इसे लेकर जागरण प्राइम ने देश के चार एम्स डायरेक्टर, आईसीएमआर के पुणे स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वॉयरोलॉजी की सीनियर वैज्ञानिक डॉ. प्रज्ञा यादव, कोरोना संक्रमण दर का आकलन करने वाले आईआईटी कानपुर के प्रोफेसर मनिंद्र अग्रवाल से जाना कि आखिर इस वेरिएंट और वर्तमान में कोरोना के बढ़ते केस का असर कैसा रहेगा, यह सबसे ज्यादा किसे संक्रमित कर रहा है। एक्सपर्ट का कहना है कि XBB.1.16 वेरिएंट से मरीजों की संख्या जरूर कुछ बढ़ रही है, लेकिन देश में गंभीर या आईसीयू में भर्ती होने वाले हालात न के बराबर हैं। अभी कुछ दिन मरीजों की संख्या जरूर बढ़ेगी। इस वेरिएंट से दूसरी गंभीर बीमारी से पीड़ित लोगों को सामान्य की तुलना में ज्यादा खतरा है, इसलिए उन्हें सावधानी बरतनी चाहिए। एम्स के डायरेक्टरों का कहना है कि अभी संक्रमित मरीजों में 5 फीसदी भी अस्पताल नहीं आ रहे हैं और जो आ रहे हैं, उन्हें पहले से कोई न कोई गंभीर बीमारी है।

871 views