*ग्राम चौपाल में जमीन पर बैठे कलेक्टर, समस्याएं सुन किया समाधान
*
उज्जैन। जिला कलेक्टर आशीष सिंह ने आज दोपहर 1:00 बजे खाचरोद तहसील के ग्राम बेडावन्या में पहुंचकर ग्राम चौपाल लगाई। अपनी सादगी के लिए पहचाने जाने वाले कलेक्टर सिंह यहां ग्रामीणों के साथ ही जमीन पर बैठ गए। जबकि कलेक्टर सहित कुछ अधिकारियों के लिए कुर्सी की व्यवस्था भी की गई थी पर सिंह ने इनकार करते हुए ग्रामीणों के साथ बैठकर उनकी समस्याएं सुनी और समाधान के निर्देश दिए। कलेक्टर ने यहां पर ग्रामीण महिलाओं से रूबरू चर्चा की तथा शासकीय कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की पड़ताल की। कलेक्टर ने आयुष्मान योजना, जल जीवन मिशन, खाद्यान्न योजना के संबंध में पूछताछ की। उन्होंने ग्रामीणों से पूछा कि गांव में आंगनवाड़ी ,स्कूल समय पर खुलता है या नहीं। कुछ बस्तियों में पीने का पानी ऊंचाई पर होने के कारण नहीं चढ़ रहा था। कलेक्टर ने उक्त समस्या के हल करने के निर्देश पी एच ई को दिए हैं। ग्राम चौपाल के आयोजन के समय एसडीएम , जिला अधिकारी एवं जनपद पंचायत स्तर के सभी अधिकारी मौजूद थे।
1127 views





