ईशान किशन ने लगाया वनडे में सबसे तेज दोहरा शतक, क्रिस गेल-सहवाग सहित कई दिग्गजों को छोड़ा पीछे*
ईशान किशन ने वनडे करियर में अपना पहला दोहरा शतक बांग्लादेश के खिलाफ आज लगाया। यह उनके करियर का पहला शतक भी है। किशन ने चटगांव में अपनी पारी के दौरान कई रिकॉर्ड तोड़ दिए। वह वनडे में सबसे तेज दोहरा शतक लगाने लगाने वाले खिलाड़ी बन गए। इस मामले में उन्होंने वेस्टइंडीज के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। किशन 131 गेंद पर 210 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 24 चौके और 10 छक्के लगाए।किशन ने 126 गेंद पर अपना दोहरा शतक लगाया। क्रिस गेल की बात करें तो उन्होंने 2015 विश्व कप में जिम्बाब्वे के खिलाफ 215 रन की पारी खेली थी। गेल ने ऑस्ट्रेलिया के कैनबरा में 138 गेंद पर दोहरा शतक लगाया था। किशन ने भारत के लिए वनडे में दोहरा शतक लगाने वाले चौथे बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग और रोहित शर्मा ने दोहरा शतक लगाया था।ओवरऑल रिकॉर्ड की बात करें तो वह दोहरा शतक लगाने वाले दुनिया के सातवां बल्लेबाज हैं। यह वनडे का नौवां दोहरा शतक है। रोहित शर्मा एक से ज्यादा दोहरे शतक लगाने वाले इकलौते बल्लेबाज हैं। उन्होंने तीन बार ऐसा किया है।






