विराट कोहली ने 39 महीने बाद वनडे में लगाया सैकड़ा, 72वां अंतरराष्ट्रीय शतक लगाकर पोंटिंग को छोड़ा पीछे*
विराट कोहली ने बांग्लादेश के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज के तीसरे मुकाबले में शानदार शतक लगाया। उन्होंने शनिवार (10 दिसंबर) को चटगांव में 113 रन की पारी खेली। विराट ने 91 गेंद की पारी में 11 चौके और दो छक्के लगाए। कोहली के वनडे करियर का यह 44वां शतक हैं। वहीं, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनके 72 शतक पूरे हो गए,विराट सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय शतक लगाने के मामले में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग से आगे निकल गए हैं। विराट के 482 अंतरराष्ट्रीय मैच में 72 शतक लगाए हैं। पोंटिंग ने 560 मैचों में 71 शतक लगाए हैं। कोहली से आगे अब सिर्फ भारत के पूर्व दिग्गज सचिन तेंदुलकर हैं। उन्होंने 664 मैच में 100 शतक लगाए थे।विराट ने 39 महीने बाद वनडे में शतक लगाया है। उन्होंने पिछला वनडे शतक 14 अगस्त 2019 को वेस्टइंडीज के खिलाफ लगाया था। तब कोहली ने नाबाद 114 रन बनाए थे। उसके बाद वह 25 पारियों में एक भी सैकड़ा नहीं लगा पाए।






