जून 2022 में वाहनों की बिक्री 27 प्रतिशत बढ़कर 15,50,855 यूनिट्स हुई, फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन ने जारी किए आंकड़े*
फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन ने जून महीने के लिए वाहनों की बिक्री के आंकड़े जारी किए हैं। फाडा के आंकड़ों के अनुसार, ऑटो खुदरा बिक्री ने जून के महीने में सकारात्मक रफ्तार बनाए रखा है। पिछले महीने में पंजीकृत कुल वाहन जून 2021 की तुलना में 27 प्रतिशत बढ़कर 15,50,855 यूनिट्स हो गए। आंकड़ों के मुताबिक, सभी कैटेगरी में डबल डिजिट ग्रोथ दर्ज की गई है।दोपहिया वाहनों की बिक्री में 20 प्रतिशत, तिपहिया वाहनों की बिक्री में 212 प्रतिशत, यात्री वाहनों की बिक्री में 40 प्रतिशत, ट्रैक्टर की बिक्री में 10 प्रतिशत और वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री में 89 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन के अनुसार, हालांकि कुछ श्रेणियां लगातार सुधार दर्ज कर रही हैं, लेकिन कोरोना काल से पहले वाले समय की तुलना में पहुंचने में अभी समय लगेगा। हालांकि, जून’19 की तुलना में, कुल वाहन बिक्री में 9 प्रतिशत की गिरावट आई थी। यात्री वाहनों में 27 प्रतिशत और ट्रैक्टरों में 40 प्रतिशत की बढ़ोतरी जारी रही।पहली बार कमर्शियल वाहनों में भी 4 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। जिन दो श्रेणियों का खराब प्रदर्शन जारी है, उनमें दोपहिया और तिपहिया थे, जिनमें क्रमशः 16 प्रतिशत और 6 प्रतिशथ की गिरावट आई।






